तनुश्री डिमरी मैठाणी Editor, Youth Ico

आज से Youth Icon मीडिया की जिम्मेदारी मेरे हाथ में आ गई है। और इस मौके पर मैं एक बेटी, एक बहन, और एक माँ के रूप में, मैं सबसे पहले आपसे अपने इस पहली पाती के मार्फत बात करना चाहती हूँ।

मेरी प्यारी बहिनों एवं बेटियो…
आजकल सब कहते हैं, बेटियाँ आगे बढ़ रही हैं। लेकिन मैं देखती हूँ, आज भी बहुत सी बेटियाँ मन में एक सवाल लेकर घूमती हैं, “मैं क्या करूँ? मैं कैसे आगे बढूँ?”
मैं आपको कोई बड़ा भाषण नहीं दूँगी। सिर्फ तीन छोटी बातें कहूँगी, जो मैंने खुद सीखी हैं।
1.पढ़ाई को अपना सबसे अच्छा दोस्त बनाओ:
डिग्री के लिए मत पढ़ो। समझने के लिए पढ़ो। रोज़ आधा घंटा अखबार, एक किताब, न्यूज पोर्टल या अपने सब्जेक्ट का एक टॉपिक मन से पढ़ो। यही पढ़ाई एक दिन आपको नौकरी दिलाएगी, और सम्मान भी।

2. अपनी एक प्रतिभा को पहचानो:
हर बेटी में एक हुनर होता है। किसी को लिखना अच्छा लगता है, किसी को बोलना, किसी को गाना, किसी को कंप्यूटर। उस एक हुनर को रोज़ थोड़ा-थोड़ा निखारो। इंस्टाग्राम पर रील देखना बुरी बात नहीं, पर रोज़ एक रील अपनी प्रतिभा की भी बनाओ।

3. करियर का मतलब सिर्फ सरकारी नौकरी नहीं:
करियर का मतलब है, अपने पैरों पर खड़ा होना। आप टीचर बन सकती हो, पत्रकार बन सकती हो, यूट्यूबर बन सकती हो, बुटीक चला सकती हो, या अपना छोटा बिज़नेस शुरू कर सकती हो। बस शुरुआत छोटी से करो, पर शुरुआत करो।

मैं मानती हूँ, घर की जिम्मेदारी, समाज के ताने, और पैसे की कमी, ये सब रुकावटें हैं। पर याद रखो, आपकी शिक्षा और आपकी मेहनत कोई आपसे छीन नहीं सकता।

Youth Icon का ये नया सफर मैं आप सब बेटियों के साथ शुरू कर रही हूँ। यहाँ हम सिर्फ खबरें नहीं देंगे, हम एक-दूसरे का हौसला बढ़ाएँगे।
अगर मन में कोई दुविधा हो, कोई सवाल हो, तो मुझे लिखो.. youthicon.yimedia@gmail.com पर।
मैं आपकी बड़ी बहन की तरह जवाब दूँगी।

आपकी अपनी,
तनुश्री डिमरी मैथानी
Editor, Youth Icon

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *