ओएनजीसी में लिपिक के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से 36 लाख 27 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने खुद को मुख्यमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, और अपने पति और बेटे की केंद्र सरकार में ऊंचे पदों पर पहुंच बताकर लोगों को भरोसे में लिया।
शिकायतकर्ता ने नेहरू कॉलोनी पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी मुलाकात 10 जुलाई 2022 को रविकांता शर्मा से हुई थी। बातचीत के दौरान रविकांता ने खुद को मुख्यमंत्री कार्यालय में कार्यरत और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बताया। उसके पति नरेंद्र प्रकाश शर्मा और पुत्र की केंद्र सरकार में अच्छी पकड़ है। महिला ने कई युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का दावा भी किया।
लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ितों ने रकम वापस मांगी तो उन्हें अलग-अलग बैंकों के चेक दिए गए, जो बाउंस हो गए। करीब तीन साल से रकम वापसी के लिए चक्कर काटने के बाद राजे सिंह ने पुलिस से शिकायत की। वहीं पुलिस अब इस मामले में शिकायत में बताए गए बैंक खातों, चेक और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।