हरिद्वार दौरे पर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पंचायत प्रतिनिधियों और उद्यमियों से किया संवाद

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को हरिद्वार दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने दो बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि संवाद एवं विकास संकल्प सेवा सेतु सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की 70 प्रतिशत से अधिक आबादी गांवों में रहती है और पंचायत प्रतिनिधि लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं। सशक्त उत्तराखंड का रास्ता सशक्त गांवों से होकर गुजरता है।

धामी ने कहा कि प्रदेश के 60 हजार से अधिक पंचायत प्रतिनिधियों को क्षमता विकास प्रशिक्षण से जोड़ा जा रहा है ताकि वे आधुनिक जानकारी के साथ गांवों के विकास को नई गति दे सकें। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपनी ग्राम पंचायतों को स्वच्छ, सुंदर, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की अपील की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, विधायक आदेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके बाद मुख्यमंत्री सातवें इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न कंपनियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उद्यमियों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उद्यमियों को सरल प्रक्रिया, बेहतर सुविधा और अनुकूल माहौल देने का प्रयास किया जा रहा है ताकि नए उद्योग लगें और युवाओं को रोजगार मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड निवेश और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने हिंदुस्तान समाचार पत्र में लेख के माध्यम से अपने विचार साझा किए। उन्होंने इसे देश की विकास यात्रा का अहम पड़ाव बताया और देवभूमि उत्तराखंड से प्रधानमंत्री के जुड़ाव का जिक्र किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *