उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि उर्मिला सनावर रविदास पीठ अपने नाम करने की मांग कर रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने कथित तौर पर पांच करोड़ रुपए की मांग की। रकम नहीं देने पर परिवार को जान से मारने और फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी जा रही थी।
शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने सहारनपुर स्थित आरोपित उर्मिला के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है।