खेल महाकुम्भ-2026′ के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का समापन समारोह बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या भी शामिल हुईं। खेल मंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिताओं में 3.17 लाख खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि पिछले साल यह संख्या 2.19 लाख थी। कुल 3.33 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इस साल प्रतियोगिताओं में कुल 32 खेलों को शामिल किया गया। इनमें पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक और ओलंपिक खेल भी शामिल रहे। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए न्याय पंचायत स्तर पर 662, विधानसभा स्तर पर 70 और संसदीय क्षेत्र स्तर पर आठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

सीएम धामी ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं। ये हमें जीवन में आगे बढ़ना, अनुशासन विकसित करना और पीछे छूट जाने पर फिर से उठने का साहस जुटाना जैसी कई बातें सिखाते हैं। ये हमारे व्यक्तित्व को भी निखारते हैं और हमारे शरीर को स्वस्थ रखते हैं। हमारी सरकार का मानना है कि खेल ही उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दोहराया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘आउट ऑफ टर्न’ नौकरी और सरकारी नौकरियों में खेल कोटे/आरक्षण जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, ताकि युवा बिना किसी चिंता के सिर्फ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *