बाबा केदार के भव्य मंदिर परिसर और दरबार को लगभग 20 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। फूलों की मनमोहक सजावट के बीच केदारपुरी की अलौकिक छटा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दीपावली के उल्लास के बीच बाबा केदार का धाम नई छटा बिखेर रहा है।

दिवाली के अवसर पर केदारनाथ धाम में सिर्फ बाबा के दरबार की सजावट ही आकर्षण नहीं है। यह अनुष्ठान धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। भगवान भैरवनाथ के कपाट बंद होने के साथ ही बाबा केदारनाथ के मुख्य मंदिर के कपाट बंद करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती ने बताया कि दीपावली के अवसर पर धाम के क्षेत्रपाल और रक्षक भगवान भुकुंड भैरवनाथ के कपाट विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

इस अवसर पर डॉ. पोस्ती ने श्रद्धालुओं से धाम पहुंचकर दीप प्रज्वलित करने और दीपोत्सव को श्रद्धा के साथ मनाने की अपील की। साथ ही मंदिर की मर्यादा और पवित्रता बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अव्यवस्था से दूर रहने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *