पहली घटना ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे के पास 35 यात्रियों को लेकर जा रही बस हादसे का शिकार हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बस हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग जा रही थी। बस में सवार यात्रियों के अनुसार चालक काफी तेज रफ्तार से बस चला रहा था। यात्रियों ने कई बार चालक से गाड़ी धीमी करने को कहा, हालांकि उसने यात्रियों की बात को अनसुना कर दिया। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को ही हादसे की वजह माना जा रहा है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनू गोदियाल पुलिस बल एवं एसडीआरएफ टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कत आई। स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ टीम को काफी सहयोग किया।

दूसरी घटना रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के क्यूंजा घाटी में हुआ। पोखरी से शादी संपन्न होने के बाद बारातियों को लेकर लौट रही जीप गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दुर्घटनास्थल पर ही 4 लोगों की जान चली गई। 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में भी चार लोगो की हालत बेहद गंभीर है। इन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर गढ़वाल भेजा गया है।

स्थानीय अधिकारियों ने दोनों हादसों की जांच शुरू कर दी है। दोनों ही हादसों में चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से पहाड़ों पर तीव्र मोड़ों पर सावधानी पूर्वक गाड़ी चलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *