देहरादून। राजधानी देहरादून में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला इलाके में बुधवार को एक अज्ञात युवती का शव बोरे में बंद मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, युवती की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। उसके गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। वहीं, पहचान छिपाने के इरादे से उसके चेहरे पर भी गंभीर चोटें पहुंचाई गई हैं। शव को सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन के थैलों से ढंककर छिपाने का प्रयास किया गया था।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को बोरे में बंद कर जामुनवाला क्षेत्र में फेंक दिया गया।

शिनाख्त में जुटी पुलिस

युवती के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। युवती की पहचान करने के साथ ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *