मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या वर्तमान 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान कर दिया है। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पद दूसरी शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
इस फैसले का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को सेवा में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उनके लिए पदोन्नति का रास्ता तैयार करना है। सरकार के अनुसार, इस बदलाव से कुल स्वीकृत पदों की संख्या नहीं बढ़ेगी और न ही कोई अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।
इस संबंध में कार्मिक विभाग द्वारा बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार के तथा कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना, वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का पृथक प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त पर सहमति व्यक्त की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। महिला पुलिसकर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना सरकार का उद्देश्य है।