राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास हुई 14 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को राजेश कुमार सोनी प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये नकद लेकर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास एक्टिवा और बाइकों पर सवार बदमाशों ने उनका वाहन रोककर मारपीट की और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को पहले से 14 लाख रुपये की नकदी की जानकारी थी। इसी आधार पर उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।

**चार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।** फिलहाल लूटी गई 14 लाख रुपये की रकम में से 1.50 लाख रुपये ही बरामद हुए हैं। शेष रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *