चढ़ा पारा मंत्री का और गिरा गायक का!

नरेंद्रनगर। टिहरी के नरेंद्रनगर में हुए लाइव शो का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंच पर प्रदेश के मंत्री सुबोध उनियाल और प्रसिद्ध गायक दिलेर मेहंदी के बीच बातचीत होती दिख रही है।

वीडियो में सुना जा सकता है कि मंत्री कह रहे हैं -…..आपसे बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गाएंगे, यहाँ लोगों को क्यों बेवकूफ बना रहे हो । इस दौरान गायक हाथ जोड़े मंच पर खड़े नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद कार्यक्रम बीच में रुकने और #परफॉर्मेंस को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

क्या है वीडियो में और क्या है चर्चा में? वीडियो के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है। एक वर्ग का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर बाहर के बड़े कलाकारों को बुलाया जाता है, फिर भी ऐसी स्थिति बनती है। वहीं दूसरा वर्ग सवाल उठा रहा है कि जब उत्तराखंड में ही प्रतिभाओं की कमी नहीं है, तो स्थानीय और उभरते कलाकारों को ही ऐसे बड़े मंच क्यों नहीं दिए जाते?

कुछ यूजर्स ने परफॉर्मेंस की गुणवत्ता पर #सवाल उठाए हैं तो कुछ ने गायक के #स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। सोशल मीडिया पर कई तरह के कयास भी लगाए जा रहे हैं, हालांकि इनमें से किसी भी कयास की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही आयोजकों या कलाकार की तरफ से कोई बयान आया है।

असली मुद्दा खर्च और संस्कृति का #संरक्षण! इस पूरे घटनाक्रम ने एक बड़े सवाल को फिर हवा दे दी है। लाखों रुपये देकर कथित बड़े कलाकारों को ऐसे कार्यक्रमों में आमंत्रित करने से देवभूमि की संस्कृति और परंपराओं का कितना संरक्षण हो रहा है?

क्या बेहतर नहीं होगा कि भारी-भरकम खर्च और तमाम व्यवस्थाओं के बजाय, यहां के अपने छोटे और उभरते कलाकारों को मंच दिया जाए? इससे न सिर्फ स्थानीय प्रतिभा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति भी सही मायनों में मंच पर दिखेगी।

फिलहाल सभी की नजर प्रशासन और आयोजकों के आधिकारिक बयान पर है।

® तनुश्री डिमरी मैठाणी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *