PPT में क्या है खास ? उत्तराखंड में इन चुनिंदा पत्रकारों से ही मिलेंगे अमित शाह ! और शाह को दिखाई जाने वाली PPT में क्या है खास ?

यूथ आइकॉन मीडिया देहरादून।

उत्तराखंड में सरकार और संगठन पास हैं या फिर फेल? कैबिनट में अन्य 2 मंत्री कौन होंगे? दायित्वों का बंटवारा अभी होगा या फिर अगले साल? 2019 को लेकर किस रोड़मैप पर होगा काम? ये कुछ ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब मुख्यमंत्री और तमाम मंत्रियों को 19 और 20 सितंबर को मिलने जा रहा है। सरकार और संगठन के पिछले 6 माह का होमवर्क चेक करने के लिए बीजेपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। अमित शाह का दौरा प्रदेश में 2 दिनों तक रहेगा। इन दो दिनों में अमित शाह पार्टी के उन तमाम नेताओं से मिलेंगे जो उत्तराखंड में पार्टी की जान हैं और जिनकी राय महत्वपूर्ण हैं। अमित शाह को लेकर उत्तराखंड बीजेपी यह पूरी कोशिश कर रही है कि जब अमित शाह उत्तराखंड आए तो वह सरकार और संगठन के किसी भी काम पर प्रश्नचिन्ह ना लगाएं। अभी हाल ही में संघ के नेताओं के साथ भी सरकार व संगठन से जुड़े नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हो चुकी है। जिसमें सरकार के कामकाज से जुड़े कई मसलों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। त्रिवेंद्र सरकार के हर काम पर संघ के साथ-साथ संगठन भी पैनी नजर बनाए हुए हैं और सरकार का एक-एक काम संगठन और संघ के नेता देख रहे हैं।

केंद्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी के दौरे को लेकर सरकार से लेकर संगठन में भारी उत्साह का माहौल है। केंद्रीय नेतृत्व ने जिस योजना के तहत कार्यक्रम रखे हैं, उनका मकसद सिर्फ ये ही है कि उत्तराखंड में संगठन को मजबूती मिले। अध्यक्ष जी के सामने एक पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन भी प्रस्तुत की जायेगी। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ ही वह मीडिया प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे। अध्यक्ष जी पूरे देश में उन स्थानों पर जाकर असल स्थिति जानने की कोशिश कर रहे हैं, जहां पर बीजेपी की सरकारें हैं।
– विनय गोयल, प्रदेश प्रवक्ता, बीजेपी, उत्तराखंड।

 

मीडिया के दिग्गजों से मिलेंगे शाह

बीस सितंबर को बीजेपी मुख्यालय में अमित शाह ई लाइब्रेरी का उद्घाटन करेंगे और उसी दिन दोपहर बाद 2 बजे मीडिया से रू-ब-रू होंगे। पत्रकार वार्ता से पहले अमित शाह की अनौपचारिक मुलाकात उत्तराखंड की जानी-मानी मीडिया हस्तियों से हो सकती है। इनमें प्रिंट मीडिया अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा, शाह टाइम्स, के अलावा कई अन्य प्रिंट मीडिया के स्थानीय संपादकों के साथ ही, टीवी मीडिया से दूरदर्शन, न्यूज 18, आज तक, ईटीवी, जी न्यूज, समाचार प्लस, सहारा समय, इंडिया वाॅयस, नेशनल वाॅइस, टीवी100, के न्यूज, के अलावा कई अन्य चैनलों के स्थानीय संपादको व व्यूरो चीफ के अलावा कई चर्चित स्वतंत्र पत्रकारों से मुलाकात कर सकते हैं। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से इस अनौपचारिक बातचीत में अमित शाह पत्रकारों से उत्तराखंड के विकास से जुडे़ मुद्दों के साथ ही सरकार के 6 माह के कामकाज पर फीडबैक ले सकते हैं। भाजपा मीडिया प्रभारी इन तैयारियों में जुटे हुए हैं ताकि शाह के उत्तराखंड दौरे से एक बड़ा सकारात्मक संदेश जाये और सरकार और संगठन को आगे के लिए संजीवनी मिल जाये।

पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन से तय होगा मिशन 2019

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के सामने एक पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन भी प्रस्तुत की जायेगी। जिसमें उत्तराखंड के हर पहलू को दर्शाया जायेगा। अमित शाह अपने दो दिनी दौरे से उत्तराखंड की पूरी स्थिति को अच्छे से समझ लेना चाहते हैं। ताकि मिशन 2019 के लिए जब एक-एक सीट पर नजर होगी, तब आज का होमवर्क काम आए। इस आधार पर ही पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन से लेकर कई नई व्यवस्था शाह के दो दिनी कार्यक्रम के दौरान देखने के लिए मिलेंगी। शाह अपने दो दिनी दून दौरे की शुरूआत इस बेहद अहम कार्यक्रम से ही करेंगे। उत्तराखंड बीजेपी के लिए आधे घंटे में पूरे उत्तराखंड की तस्वीर सामने रखने की चुनौती होगी। राजनीतिक, सामाजिक और तमाम अन्य पहलुओं को अनिवार्य रूप से इस प्रजेंटेशन का हिस्सा बनाना होगा। बीजेपी समेत तमाम राजनीतिक दलों की मौजूदा, पूर्व स्थिति का विवरण देना होगा। इसके अलावा, आबादी, विभिन्न वर्ग जैसे विषयों को भी छूना होगा। पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन में राज्य के पिछले 16 सालों की राजनीतिक घटनाक्रम के साथ ही, सभी विधानसभाओं का हाल, मतदाताओं का रूझान, किन सीटों पर कमजोर व किन सीटों पर स्थिति मजबूत के साथ ही लोकसभा चुनावों की स्थिति का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया जायेगा। बीजेपी सूत्रों की माने तो 2019 लोकसभा चुनावों के लिहाज से यह खास प्रजन्टेेशन तैयार की गई है। जिसके माध्यम से लोकसभा चुनावों में चुनावी रणनीति बनाने में खास मद्द मिलेगी और जिन इलाकों के मतदाताओं में बीजेपी की पकड़ कमजोर हैं वहां खास फोकस किया जा सकता है। यानि अमित शाह उत्तराखंड को लेकर अपनी जानकारी और प्रजेंटेशन के तथ्यों का मिलान करके चीजों की समीक्षा करेंगे।

सूची में नाम है तभी अमित शाह से मिल पाएंगे आप

अमित शाह के सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहने वाले कार्यकर्ताओं को सूचीबद्व किया जा चुका है। जिनका नाम सूची में होगा वही कार्यकर्ता अमित शाह से मिल पायेंगे। बीजेपी का सबसे बड़ा कार्यक्रम साढे तीन हजार कार्यकर्ताओं की मौजूदगी वाला है। जिसे ओएनजीसी के ऑडिटोरियम में कराए जाने पर सहमति बनी है। इस कार्यक्रम के लिए भी सभी को सूचीबद्व किया जा रहा है। यानी अमित शाह के सामने ये पूरी स्थिति साफ होगी कि वे किससे मिल रहे हैं। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहली बार उत्तराखंड भाजपा मुख्यालय में कदम रखेंगे। इसके लिए प्रदेश भाजपा ने पूरी तैयारियां की हुई है। भाजपा मुख्यालय को पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से अपडेट कर दिया गया है। कहीं को कमी न छूट जाये इसके लिए पूरी टीम लगी हुई है। शाह के शाही स्वागत में कोई कमी न रह जाये इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इस पल को एतिहासिक बनाने के लिए भाजपा दिग्गजों ने पूरी ताकत झोंकी हुई है। भाजपा मुख्यालय में ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन करने के साथ मीडिया से भी रूबरू होंगे। भाजपा मुख्यालय में लाइब्रेरी पूरी तरह से तैयार हैं। इस आधुनिक लाइबे्ररी में भाजपा व संघ के इतिहास, उनके माहपुरूषों के जीवन से जुड़ी पुस्तकों के अलावा उत्तराखंड आंदोलन, के साथ ही इतिहास से जुड़ी और अन्य पुस्तकें भी पड़ने को मिलेंगी।

 

By Editor