उत्तराखंड बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन दो दिवसीय दौरे दो और तीन अक्टूबर को उत्तराखंड आ रहे हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद तीनों नेताओं का यह पहला उत्तराखंड दौरा हैं। दौरे में प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और सातों मोर्चों की टीम के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों पर चर्चा होगी।
इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश प्रभारी राम माधव की सभी प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक रखी गई है। पहले दिन इस बैठक में प्रदेश में पार्टी की मौजूदा गतिविधियों के साथ ही आने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, गतिविधियों और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। अगले दिन सातों मोर्चों की प्रदेश टीमों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें मोर्चों के स्तर पर चल रही गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।