देहरादून। उत्तराखंड में मौसम को लेकर मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। 13 और 14 नवंबर को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
13 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
14 नवंबर को भी बारिश और बर्फबारी के आसार
14 नवंबर को भी इन पांच पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
16 से 18 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 नवंबर से प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 18 नवंबर तक राज्यभर में मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान जताया गया है।