देहरादून, 22 नवंबर 2026। शनिवार की सुबह जब ज्यादातर लोग छुट्टी के मूड में थे, तब एमएस गैलेक्सी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के सभागार में महिलाओं का एक अलग ही उत्साह दिखा। कोई अपनी सहेली के साथ आई थी, कोई बेटी को साथ लेकर, तो कोई अकेले ही यह सोचकर कि आज अपनी सेहत के लिए कुछ सुनना-समझना है। मौका था फिक्की फ्लो उत्तराखंड की ओर से आयोजित महिला स्वास्थ्य और कैंसर जागरूकता कार्यक्रम ‘राइज एंड रेडिएट’ का।
![]()
कार्यक्रम में आते ही साफ लग रहा था कि यह कोई औपचारिक भाषणबाजी वाला आयोजन नहीं है। यहां बात सीधे महिलाओं की रोजमर्रा की सेहत की हो रही थी, उन बीमारियों की हो रही थी जिनके बारे में हम अक्सर बात करने से कतराते हैं, और उन जांचों की हो रही थी जिन्हें हम “बाद में करा लेंगे” कहकर टालते रहते हैं।
बीमारी के बाद नहीं, बीमारी से पहले जागिए :
कार्यक्रम की सबसे असरदार बात यही रही कि डॉक्टरों ने डराया नहीं, समझाया। एमएस गैलेक्सी अस्पताल की संस्थापक डॉ. सुमिता प्रभाकर ने कहा कि महिलाओं की सबसे बड़ी दिक्कत यही है कि वे घर-परिवार की सेहत का पूरा ध्यान रखती हैं, लेकिन अपनी जांच को सबसे आखिर में रख देती हैं।
उन्होंने सर्वाइकल कैंसर, एचपीवी, नियमित जांच, पैप टेस्ट, ब्रेस्ट स्क्रीनिंग और गायनो चेकअप पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि अगर समय पर जांच हो जाए तो सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी को शुरू में ही पकड़ा जा सकता है। महिलाओं ने भी खुलकर सवाल पूछे, जो आमतौर पर ऐसी बैठकों में कम देखने को मिलता है।
![]()
यहीं इस तरह के शिविरों की असली सफलता छिपी है। बड़े अस्पतालों में जाकर अकेले में डॉक्टर से यह सब पूछना कई महिलाओं के लिए आज भी मुश्किल होता है, लेकिन ऐसे सामूहिक कार्यक्रमों में वही बात आसान हो जाती है। जागरूकता यहीं से शुरू होती है।
35 के बाद खानपान क्यों बदलना जरूरी है?
कार्यक्रम में डॉ. पूजा ने महिलाओं के खानपान पर बात की। खासकर 35 साल के बाद शरीर की जरूरतें बदल जाती हैं, कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन और विटामिन की कमी चुपचाप बढ़ने लगती है। उन्होंने समझाया कि सिर्फ कम खाना ही सेहत नहीं है, सही खाना सेहत है।
वहीं डॉ. रेखा ने योग और सूर्य नमस्कार का सत्र कराया। कुर्सियों पर बैठी महिलाओं ने वहीं से योग की बारीकियां सीखीं। कई महिलाओं ने कहा कि अब सुबह 15 मिनट सूर्य नमस्कार के लिए जरूर निकालेंगी। जांच हुई, तो कई को अपनी कमी का पता चला कार्यक्रम में ही महिलाओं के हीमोग्लोबिन (Hb) और हड्डियों की मजबूती (BMD) की निःशुल्क जांच भी की गई। यही इस शिविर का सबसे व्यावहारिक पक्ष था।
![]()
बातचीत में कई महिलाओं ने कहा कि उन्हें अंदाजा ही नहीं था कि उनका हीमोग्लोबिन इतना कम है या हड्डियां कमजोर हो रही हैं। किसी को थकान की वजह समझ आई, तो किसी को घुटनों के दर्द की। जागरूकता की असली कीमत तब समझ आती है, जब जांच की रिपोर्ट हाथ में आती है।
इसलिए ऐसे स्वास्थ्य शिविर सिर्फ भाषण का मंच नहीं होने चाहिए। जांच, परामर्श और फॉलोअप, यही तीन चीजें किसी शिविर को लाभदायक बनाती हैं।
ऐसे कार्यक्रम हर कुछ महीने में होने चाहिए महिलाओं से मिले सुझाव !
कार्यक्रम के बाद मौजूद महिलाओं और सदस्यों ने आयोजकों के प्रयासों की खुलकर सराहना की। कई ने कहा कि महिलाओं के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार होने चाहिए, सिर्फ किसी खास दिन या महीने तक सीमित नहीं रहने चाहिए।
एक प्रतिभागी पुष्पा देवी ने कहा, आज जो बातें यहां समझ आईं, वे हम अपनी बेटियों, बहुओं और सहेलियों को भी बताएंगी। यही जागरूकता आगे बढ़ेगी। वहीँ दर्शक दीर्घा में मौजूद रजनी नैनवाल ने कहा, अस्पताल में अकेले जाकर इतनी बातें पूछना मुश्किल होता है, यहां सबने खुलकर पूछा और खासकर डॉक्टर सुमिता प्रभाकर ने संभावित बीमारियों के बारे में बहुत ही बारीकी सर जानकारी दी, इसलिए मैं तो यही कहूँगी कि हमें आज के इस कार्यक्रम में बहुत कुछ सीखने को मिला।
![]()
आयोजन में फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन तृप्ति बहल, डॉ. सुमिता प्रभाकर, डॉ. पूजा, डॉ. रेखा के साथ डॉ. गिगल रस्तोगी, हरप्रीत के. मारवाह, श्रुति अग्रवाल, ममता रावत, अनुराधा डोभाल, राधिका कुमार, गीगी पाठक, डॉ. प्राची, रुचिरा माहेश्वरी, रूपा सोनी समेत कई सदस्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम में चिकित्सकों का सम्मान भी किया गया। अंत में अस्पताल का भ्रमण भी कराया गया, ताकि महिलाएं वहां की सुविधाओं से परिचित हो सकें।
सवाल यही है, जागरूकता आगे कितनी टिकेगी?
‘राइज एंड रेडिएट’ जैसे कार्यक्रम एक दिन की खबर बनकर रह जाएं, तो इनका असर अधूरा रह जाएगा। जरूरत इस बात की है कि ऐसे शिविर समय-समय पर मोहल्लों, स्कूलों, कॉलेजों और गांवों तक भी पहुंचें।
क्योंकि सेहत की जागरूकता किसी एक भाषण से नहीं आती, वह बार-बार सुनने, जांच कराने और आदत बदलने से आती है। और देहरादून में शनिवार को हुई इस पहल ने उसी दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया है।
रिपोर्ट : तनुश्री डिमरी मैठाणी