लोहाघाट एक खूबसूरत पहाड़ी कस्बा प्रकृति, अध्यात्म और पर्यटन त्रिवेणी..!

लोहाघाट की खूबसूरती को शब्दों में समेटना आसान नहीं। यहां पहाड़ों की खामोशी भी बहुत कुछ कहती है और देवदार के जंगलों से गुजरती हवा भी सुकून का अहसास कराती है। पिछले दो दिनों से मैं लोहाघाट में हूँ और अगले तीन से चार दिनों का और प्रवास रहेगा।

देवदार के घने जंगल, पहाड़ों की शांत वादियाँ और आध्यात्मिक विरासत का अद्भुत संगम है #चम्पावत जिले का लोहाघाट। उत्तराखंड के कुमाऊँ अंचल में बसा लोहाघाट प्रकृति की खूबसूरती और सांस्कृतिक विरासत को अपने भीतर समेटे हुए है। यहाँ की आबोहवा, पहाड़ी रास्ते, चारों ओर फैले देवदार के ऊँचे-ऊँचे वृक्ष और शांत वातावरण मन को एक अलग ही सुकून देते हैं।
लोहाघाट केवल एक खूबसूरत पहाड़ी कस्बा नहीं, बल्कि प्रकृति, अध्यात्म और पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला एक आकर्षक गंतव्य भी है।

लोहावती नदी के तट पर स्थित ऋषेश्वर महादेव मंदिर लोहाघाट की धार्मिक पहचान का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। भगवान शिव को समर्पित यह प्राचीन मंदिर स्थानीय लोगों की गहरी आस्था से जुड़ा है। मान्यता है कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के पुराने मार्ग पर यह मंदिर एक महत्वपूर्ण पड़ाव हुआ करता था। मंदिर में दर्शन के साथ नदी और पहाड़ों का प्राकृतिक सौंदर्य भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।

* आपके भी मन में सवाल होगा कि इस जगह का लोहाघाट नाम कैसे पड़ा?

तो स्थानीय निवासी ललित बिष्ट बताते हैं कि लोहाघाट के नाम को लेकर इतिहासकारों और स्थानीय परंपराओं में अलग-अलग मान्यताएं मिलती हैं। एक ऐतिहासिक मान्यता के अनुसार कुमाऊँनी भाषा में लोहे को “लु” कहा जाता है। इस क्षेत्र में कभी लौह अयस्क की उपलब्धता और लोहे के औजार व बर्तन बनाने की परंपरा प्रचलित थी। इसी वजह से इस क्षेत्र का पुराना नाम लुघाट और आगे चलकर ‘लोहाघाट’ पड़ा माना जाता है। इसके अलावा बाणासुर से जुड़ी एक पौराणिक लोककथा भी यहां प्रचलित है, जिसका संबंध लोहावती नदी के नामकरण से जोड़ा जाता है। इस तरह लोहाघाट का नाम अपने भीतर इतिहास, लोकविश्वास और स्थानीय शिल्प परंपरा की कहानी समेटे हुए है।

लोहाघाट में प्रकृति आधारित पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, ट्रैकिंग, बर्ड वॉचिंग, फोटोग्राफी और होमस्टे पर्यटन को बढ़ावा देने की अच्छी संभावनाएं हैं। यहां की स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान, हस्तशिल्प और पहाड़ी जीवनशैली भी पर्यटकों के लिए आकर्षण बन सकते हैं। जरूरत है तो बस सुनियोजित पर्यटन विकास, बेहतर जनसुविधाओं, साफ-सफाई, स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और इस क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत को संरक्षित रखने की। लोहाघाट की खूबसूरती को शब्दों में समेटना आसान नहीं। यहां पहाड़ों की खामोशी भी बहुत कुछ कहती है और देवदार के जंगलों से गुजरती हवा भी सुकून का अहसास कराती है।

मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र चम्पावत से सटा है लोहाघाट..!

लोहाघाट उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत से लगा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने अपने क्षेत्र के सुनियोजित विकास को प्राथमिकता दी है और चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। जिसका भरपूर लाभ लोहाघाट को मिला है। इनमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार शामिल है। चम्पावत में प्रस्तावित गोल्ज्यू कॉरिडोर को मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है, जिसके माध्यम से धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देने की योजना है। इसके अलावा शारदा कॉरिडोर, पर्यटन सर्किट, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, विज्ञान सिटी और सड़क कनेक्टिविटी जैसी योजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में लोहाघाट में मिनी स्टेडियम के लिए भी वित्तीय स्वीकृति दी गई है। निश्चित रूप से इन प्रयासों से चम्पावत की पहचान केवल एक सीमांत पहाड़ी जनपद के रूप में नहीं, बल्कि पर्यटन, धार्मिक आस्था और आधुनिक विकास के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित होने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

मैं अभी अगले 3 से 4 दिनों तक चम्पावत व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में प्रतिभाग करूँगा। उत्तराखंड के कुमायूं मण्डल में चम्पावत जिले के इस खूबसूरत पहाड़ी नगर लोहाघाट में आकर महसूस हो रहा है कि उत्तराखंड में ऐसे अनेक अनमोल पर्यटन स्थल हैं, जिन्हें देश-दुनिया के सामने और बेहतर तरीके से लाने की जरूरत है। तो आप भी बिना देरी किए तुरंत लोहाघाट आने का प्लान बना लीजियेगा दिल्ली, देहरादून हरिद्वार से लगातार शेयर टैक्सी के अलावा बस सेवा उपलब्ध है। साथ ही देहरादून से हर सन्डे दिन में टनकपुर के शानदार ट्रेन आती है टनकपुर से मात्र डेढ़ से दो घंटे में आप चम्पावत या लोहाघाट आ सकते हैं। यहीं से आगे आप देवीधुरा मंदिर व चम्पावत गोलू महाराज के दर्शन कर खूबसूरत पिथौरागढ़ होते हुए धारचूला, मुनस्यारी, असकोट, जौलजीवी साथ आदि कैलाश के दर्शनों को आ सकते हैं। सच में कुमायूँ मंडल की नेपाल व चीन से सटे इस पिछले अंचल का आपको जरूर भ्रमण करने चाहिए आपके सफर को यादगार बनाने रहेगा । आइये यहाँ प्रकृति को महसूस कीजिए और पहाड़ों के सुकून को अपने साथ लेकर जाइए।

लेख : शशि भूषण मैठाणी “पारस”

शशि भूषण मैठाणी पारस
7060214681

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *