सीएम पुष्कर सिंह धामी खटीमा के मेलाघाट स्थित 22 पुल छठ घाट पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठ पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने वाला पर्व बताया।
सीएम धामी ने इस पर्व को जल, सूर्य पूजन एवं प्रकृति के बेहद नजदीक बताया। उन्होंने उगते सूर्य को अर्ध्य देने के साथ ही संपन्न हुए छठ महापर्व की सभी को शुभकामनाएं देते हुए सूर्य भगवान एवं छठी मैया से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की। घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पूर्वांचल समाज के सैकड़ों लोगों ने उगते सूर्य की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
छठ महापर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों में विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह पर्व सूर्य उपासना के साथ-साथ प्रकृति के प्रति आस्था, पवित्रता और पारिवारिक खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। उगते सूर्य को अर्घ्य देने और छठी मैया से मंगलकामना करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।