मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। वहीं बढ़ी हुई दर एक जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी।
पात्र कर्मचारियों को एक जुलाई, 2026 से 31 अक्टूबर, 2026 तक की अवधि के डीए के अंतर का भुगतान एरियर के रूप में नकद किया जाएगा। मालूम हो कि केंद्र सरकार ने भी सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन पा रहे कर्मियों के डीए में तीन प्रतिशत की वृद्धि की है। 28 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत (डीआर) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी।
राज्य सरकार के कार्मिकों के साथ ही स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों तथा यूजीसी वेतनमान में कार्यरत पात्र कार्मिकों को इसका लाभ मिलेगा।