उत्तरकाशी: यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान शुक्रवार को दो और श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यात्रा सीजन में यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।
पुलिस के अनुसार कर्नाटक निवासी गंगधार बीशेठी (66) यमुनोत्री धाम की ओर जा रहे थे। उन्हें उपचार के लिए जानकीचट्टी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना में महाराष्ट्र निवासी लक्ष्मी बाई (49) पत्नी नामदेव गतीर की तबीयत दोबाटा में अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए बड़कोट अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यमुनोत्री धाम की कठिन पैदल यात्रा और ऊंचाई के कारण श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस सीजन में अब तक 34 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को दो मौतों के बाद यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एसआई विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस की ओर से अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।