हेम पंत एक मुलाक़ात… किताबों की वह महफिल, जहाँ AI भी किताबों से ही सीखता है!

बीते दिनों देहरादून में आयोजित किताब कौथिग में जाना हुआ। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के प्रांगण में पुस्तकों की वह महफिल सजी थी, जहाँ सिर्फ किताबें नहीं बिक रही थीं, बल्कि विचार, भाषा, संस्कृति और परंपरा आपस में गले मिल रही थीं। वहीं मेरी मुलाकात हुई इस आयोजन के संयोजक हेम पंत जी से।

पहली ही बातचीत में लगा कि यह व्यक्ति किताबों का मेला नहीं लगा रहा, बल्कि एक पीढ़ी को उसकी जड़ों से जोड़ने का अनवरत यज्ञ कर रहा है।
हेम पंत, जो AI को नकारते नहीं, समझाते हैं! आज जब हर हाथ में मोबाइल है और हर सवाल का जवाब एक पल में ChatGPT, Meta_AI या किसी और AI से मिल जाता है, तब अक्सर कहा जाता है कि अब किताबों की क्या जरूरत है?

हेम पंत जी का नजरिया इससे बिल्कुल अलग और बेहद दिलचस्प है। वे AI, Meta, GPT की उपयोगिता को नकारते नहीं हैं। वे कहते हैं, तकनीक से भागो मत, उसे सही से इस्तेमाल करना सीखो। AI की मदद से हम और ज्यादा रचनात्मक बन सकते हैं। बच्चे अगर सही मार्गदर्शन पा लें, तो AI उन्हें जीवन की ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है, बशर्ते वे AI को समझें, सिर्फ उससे कॉपी पेस्ट न करें।

उन्होंने बड़ी सहजता से कहा, वरना AI से भी जैसी चाहो वैसी गलत बातें सीखकर लोग जीवन को गलत सांचे में ढाल रहे हैं। लेकिन यही AI युवाओं को सही और गलत की पहचान भी कराता है। फर्क सिर्फ इतना है कि तुम उसे मालिक बनाते हो या गुलाम।

हेम पंत की यह बात मेरे मन में ठहर गई। किताब कौथिग.. सिर्फ मेला नहीं, एक आंदोलन है… हेम जी के प्रयासों को देखकर समझ आता है कि किताब कौथिग की शुरुआत कितनी दूरदर्शी सोच से हुई थी।

इस बार 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में 16वां देहरादून किताब कौथिग आयोजित हुआ। करीब 80 हजार पुस्तकें देहरादून आईं। लेकिन हेम पंत जी का कहना है कि उद्देश्य सिर्फ 80 हजार किताबें लाना नहीं है, बल्कि युवाओं के मन में जिज्ञासा, रचनात्मकता और पढ़ने की आदत का बीज बोना है। और यही बीज इस आयोजन की असली सफलता है।

यहाँ कुमाऊंनी, गढ़वाली, जौनसारी, रवांल्टी, बंगाणी आदि पहाड़ी बोली भाषाओं पर चर्चा हुई। लोकभाषाओं के संरक्षण, लेखन और शिक्षण पर गंभीर संवाद हुआ। साहित्यिक परिचर्चा, बाल लेखन कार्यशाला, करियर काउंसलिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने इसे सिर्फ पुस्तक मेला नहीं, बल्कि उत्तराखंडी साहित्य, लेखन, कला, संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को संरक्षित करने का जीवंत मंच बना दिया। हेम पंत कहते हैं, किताब कौथिग केवल पुस्तकों का मेला नहीं, बल्कि हमारी नई पीढ़ी को विचारों, भाषा और लोक-संस्कृति की समृद्ध परंपरा से जोड़ने का एक जीवंत माध्यम है।

बातचीत दरमियान मैंने हेम जी से पूछा कि नई पीढ़ी को सबसे जरूरी संदेश क्या है आपका???

तो उनका जबाब था.. आज की नई पीढ़ी पूरी तरह ChatGPT, Meta और AI की कृत्रिम बुद्धि से अपना शॉर्टकट जीवन संवारने और करियर बनाने की सोच रही है। एक क्लिक में उत्तर, एक प्रॉम्प्ट में निबंध, एक सर्च में ज्ञान।

ऐसे में हेम पंत और उनका किताब कौथिग इस पीढ़ी को यही समझाने में सफल हो रहा है कि जिस AI को तुम पलभर में सर्च करके ज्ञानी बना रहे हो, वह AI, वह GPT भी इन्हीं किताबों से होकर आगे बढ़ा है और बढ़ता रहेगा। हेम पंत प्रयास निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों को मौलिकता से जोड़े रखेगी.

बेशक़ मेरा भी मानना है यह AI के पास जानकारी है, किताबों के पास अनुभव है। AI के पास उत्तर है, किताबों के पास प्रश्न पूछने की दृष्टि है। AI तुम्हें लिखना सिखा सकता है, लेकिन लेखक तुम्हें महसूस करना सिखाता है।

रचनात्मक लेखन और सृजन बेशक AI से प्रभावित हो सकता है, तकनीक बदल सकती है, माध्यम बदल सकते हैं, लेकिन स्वतंत्र और मौलिक रचनाकारों की कलम हमेशा अनवरत चलती रहेगी। क्योंकि कलम सिर्फ शब्द नहीं लिखती, वह पहाड़ की हवा, माँ की लोरी, गाँव की कौथिग, लोकगीत की धुन और अपने लोगों की पीड़ा भी लिखती है। यह सब AI नहीं, सिर्फ एक जीवंत मनुष्य लिख सकता है। हेम पंत जी से मिलकर लगा कि उत्तराखंड को ऐसे ही लोगों की जरूरत है, जो शोर नहीं मचाते, चुपचाप दीपक जलाते रहते हैं।

उन्होंने किताब कौथिग की शुरुआत करके जो अभिनव काम शुरू किया है, वह सिर्फ एक आयोजन नहीं है। वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक धरोहर है।

मुझे विश्वास है, जब तक हेम पंत जैसे लोग हैं और जब तक किताब कौथिग जैसी महफिलें सजती रहेंगी, तब तक न हमारी भाषा मरेगी, न हमारी संस्कृति बिसरेगी और न ही हमारी मौलिक रचनात्मकता थमेगी। किताब कौथिग यूं ही चलता रहेगा, और हर बार किसी नए युवा के मन में पढ़ने का, सोचने का और लिखने का एक नया बीज बोता रहेगा।

शशि भूषण मैठाणी “पारस”

® Shashi Bhushan Maithani Paras

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *