बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर, बदरीनाथ-केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की
गढ़वाल:उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा इन दिनों गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न संगठनात्मक जिलों और विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर हैं। अपने प्रवास के दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर की सक्रियता और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा कर रहे हैं।
बैठकों में शर्मा ने पार्टी संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर निरंतर सक्रिय रहने की जरूरत बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आम लोगों के साथ सीधा संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उनका जोर इस बात पर रहा कि चुनावी तैयारियों को केवल चुनाव के नजदीक आने तक सीमित न रखकर अभी से संगठनात्मक स्तर पर काम शुरू किया जाए।
![]()
बैठकों में ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के नारे के साथ प्रत्येक बूथ पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने की बात कही गई। शर्मा ने विपक्ष की भूमिका पर भी टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष ठोस मुद्दों के बजाय मनगढ़ंत बातों के सहारे राजनीति कर रहा है। उन्होंने लोकतंत्र में विपक्ष की रचनात्मक भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार की नीतियों और निर्णयों पर सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए। तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठनात्मक कवायद भाजपा नेतृत्व की इन बैठकों में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति भी प्रमुखता से चर्चा में रही। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के प्रति जिम्मेदारी और सक्रियता बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और उसकी मजबूती का आधार बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का है।
तीर्थाटन और पर्यटन से रोजगार के अवसरों पर जोर सांगठनिक बैठकों के दौरान उत्तराखंड में तीर्थाटन और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। शर्मा ने पंच बद्री, पंच केदार और पंच प्रयाग सहित प्रदेश के धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की आवश्यकता बताई। उनके अनुसार, इन क्षेत्रों के सुनियोजित विकास से स्थानीय युवाओं को होमस्टे, पर्यटन व्यवसाय और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है। इससे पहाड़ की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिल सकती है। अपने गढ़वाल प्रवास के दौरान फणींद्रनाथ शर्मा ने बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।
![]()
बैठकों में कई जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी रहे मौजूद
इस प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल और थराली विधायक भूपाल राम टम्टा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा रामचंद्र गोड, हरक सिंह नेगी, चंद्रकला तिवारी, प्रेम सिंह राणा, जिला सहकारी बैंक चमोली के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश साह और राज्य मंत्री खिलाप सिंह गढ़िया भी कार्यक्रमों में शामिल हुए।
संगठन की ओर से रुद्रप्रयाग के जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, सह प्रभारी रघुबीर सिंह बिष्ट, चमोली के प्रभारी संपत सिंह रावत, सह प्रभारी महावीर सिंह पंवार, जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट तथा चमोली के जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह बर्तवाल समेत विभिन्न सांगठनिक जिलों के पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठकों में उपस्थित रहे।
गढ़वाल क्षेत्र में जारी इस सांगठनिक प्रवास को भाजपा की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। बैठकों के माध्यम से पार्टी नेतृत्व जहां संगठन की जमीनी स्थिति का जायजा ले रहा है, वहीं कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सौंप रहा है।