प्रदेश में कांग्रेस की ओर से चार नवंबर से विधानसभा वार भूमि बचाओ अभियान शुरू किया जाएगा। राज्य के सभी जिलों, महानगरों में कथित सरकारी जमीनों की बंदरबांट के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस भूमि बचाओ धामी हटाओ अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान कार्यक्रम को संचालित करने के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने अलग-अलग जिलों और महानगरों के लिए वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने अभियान के तहत नियुक्त किए गए प्रभारियों की सूची जारी करते हुए बताया कि सभी नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
देहरादून जिले के मसूरी में स्थित जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट में हाथी पांव की 142 एकड़ भूमि को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नाम की घोषणा की गई है। इसी तरह टिहरी गढ़वाल के धनोल्टी की लगभग 247 एकड़ भूमि को लेकर प्रताप नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक विक्रम सिंह नेगी और केदारनाथ विधानसभा से विधायक लखपत बुटोला को कांग्रेस पार्टी ने अहम जिम्मेदारी सौपी है।