रुद्रप्रयाग के जखोली क्षेत्र में अर्जुन बैंड के पास बारात का वाहन खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत के बाद सड़क सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। जिस परिवार में बारात की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। रविवार को हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई थी, आज सोमवार को सूर्यप्रयाग घाट पर एक साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बारात तो दुल्हन को लेकर लौटी, लेकिन उसके साथ तीन लोगों की मौत और अपनों के घायल होने का ऐसा जख्म आया, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। कुरछोला गांव से जखनोली के लिए बारात पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ रवाना हुई थी।
वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल की सड़क की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने आरोप लगाया कि सड़क की स्थिति खराब होने और ढलान तेज होने के बावजूद वहां सुरक्षा के लिए क्रॉस बैरियर नहीं लगाया गया है।