उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार से पूरे प्रदेश में कल से कर्मचारियों का कार्य-बहिष्कार व बसों का चक्का जाम रहेगा। उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक रीना जोशी की अध्यक्षता में कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक वार्ता चली, लेकिन आखिर में यह वार्ता बेनतीजा रही।
इसके बाद उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल पर जाने का मन बन लिया। लंबी दूरी और मैदानी मार्गों समेत परिवहन निगम में करीब 70 प्रतिशत बसों का संचालन यूनियन के सदस्य करते हैं, ऐसे में लंबी दूरी के मार्गों पर बस संचालन सर्वाधिक प्रभावित रह सकता है।
तीनों मंडलों की इकाइयों से आंदोलन सफल बनाने की अपील। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने देहरादून, नैनीताल और टनकपुर मंडलों की सभी इकाइयों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। महामंत्री अशोक चौधरी ने कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।